
कोरबा। कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर बांगो थाना क्षेत्र के मोरगा चौकी अंतर्गत मोरगा-केंदई मार्ग में हसदेव पुल के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक हाईवा और पिकअप वाहन के बीच जोरदार टक्कर में दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि हाईवा का चालक वाहन में ही फंस गया। मौके पर पहुंचे लोगों और पुलिस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। हादसे के बाद अफरा-तफरी मची रही।
घटना की सूचना मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लेते हुए आगे की कार्रवाई शुरू की। घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, वहीं मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों मृतक बिहार के निवासी बताए जा रहे हैं।


























