सरगुजा विकास प्राधिकरण की बैठक में गूंजे कोरिया के मुद्दे

कोरिया बैकुंठपुर। कोरिया जिले में आयोजित सरगुजा विकास प्राधिकरण की महत्वपूर्ण बैठक मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पूर्व विधायक गुलाब कमरो क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत के प्रतिनिधि के रूप में शामिल हुए।
बैठक के दौरान पूर्व विधायक कमरो ने कोरिया जिले के जनहित और विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती से उठाया तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की। पूर्व विधायक ने रामगढ़-कोटाडोल (27 किमी) सडक़ निर्माण की लंबित टेंडर प्रक्रिया पर चिंता व्यक्त करते हुए शीघ्र वर्क ऑर्डर जारी कर निर्माण कार्य प्रारंभ करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि यह सडक़ क्षेत्र के आवागमन, व्यापार और ग्रामीण संपर्क के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। विभागीय अधिकारियों ने इस पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए जल्द कार्य प्रारंभ करने की बात कही। इसके साथ ही कमरो ने कठौतिया-जनकपुर सडक़ के चौड़ीकरण को लेकर भी ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के उन्नयन से आवागमन सुगम होगा तथा क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। पूर्व विधायक ने ग्राम कछौड समूह में जल जीवन मिशन के अंतर्गत बंद और रुके हुए कार्यों को तत्काल पुन: प्रारंभ करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और कार्यों में विलंब से जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में ग्राम चंदहा, बंशीपुर, नवाटोला एवं कचोहर में अधूरे पड़े विद्युतीकरण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने की मांग भी रखी गई। कमरो ने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा के अभाव में ग्रामीणों का दैनिक जीवन और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सडक़, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तय समय सीमा में पूरा कराने की मांग की। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मांगों पर सकारात्मक रुख दर्शाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। क्षेत्रवासियों को अब उम्मीद है कि लंबे समय से लंबित कार्यों को शीघ्र गति मिलेगी और विकास कार्य धरातल पर दिखाई देंगे।

RO No. 13467/10