श्रमिक कार्ड में धांधली मृतकों के नाम से शासन को लगाया जा रहा चुना

जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहां डेढ़ साल पहले मृत महिला के नाम से ना केवल श्रमिक पंजीयन किया गया, बल्कि कागजों में दूसरी बार उसकी मृत्यु दर्शाकर प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए गए और इसी आधार पर 1 लाख रुपए की सहायतार्थ राशि प्राप्त कर ली गई। इस पूरे मामले को जिला पंचायत के उपाध्यक्ष ने उजागर किया है और मय दस्तावेज कलेक्टर से इसकी शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जिला पंचायत के उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया ने कलेक्टर के नाम दिए गए लिखित शिकायत में बताया है कि जिले के बम्हनीडीह ब्लाक बिर्रा निवासी सुमन बाई पटेल पति अशोक बटेल के नाम पर छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में फर्जी पंजीयन कराकर मृख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग संहायता योजना का अनुचित लाभ लिया गया है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया है कि सुमन बाई पटेल निवासी ग्राम बिर्रा की मृत्यु 27 नवंबर 2024 को हुई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक में 4 दिसंबर को पंजीयन के लिए आवेदन किया गया।
इस आवेदन पर 9 दिसंबर को उसका पंजीयन हुआ। जिसका क्रमांक 541849619 जारी किया गया। बात यही तक नहीं रूकी, इसके लगभग डेढ साल बाद 2 जून 2025 को सुमन बाई पटेल की मृत्यु बताकर मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार किया गया। इसी मृत्यु प्रमाण पत्र के आधार पर श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना का लाभ लेने आवेदन किया गया। इस आवेदन को श्रम विभाग के अफसरों ने प्रमाणित किया और इसके बाद योजना अंतर्गत 1 लाख रुपए की सहायतार्थ राशि 17 जुलाई 2025 को स्वीकृत की गई। यह राशि महिला के वारिस के बैंक खाते में जमा की गई। शिकायकर्ता जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री जयपुरिया ने महिला सुमन पटेल के 27 नवंबर 2024 के मितानिन पंजी एवं शोक पत्र में दर्ज तिथि को भी उल्लेखित किया है। उन्होंने इस पूरे मामले की शिकायत जिले के कलेक्टर जन्मेजय महोबे से करते हुए इस मामले में जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

RO No. 13467/11