
यात्री सुविधाओं को लेकर नहीं है किसी का ध्यान
(सीताराम नायक)
जांजगीर चांपा। रेलवे स्टेशन चांपा के सामने आज भी अनेक असुविधाएं विद्यमान है जिसके कारण यात्रियों को भारी और असुविधा हो रही है। यहां स्टेशन के सामने ना तो ठीक से साफ सफाई हो रही है और न ही यात्रियों के लिए सुलभ शौचालय की कोई व्यवस्था है, जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी रही है।
विदित हो कि चांपा रेलवे स्टेशन को भव्य एवं सुंदर बनाने का कार्य रेलवे प्रबंधन द्वारा किया जा रहा है किंतु रेलवे स्टेशन के सामने की स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है। चांपा रेलवे स्टेशन के सामने स्थित ओवर ब्रिज से लेकर पीडब्ल्यूडी कार्यालय तक रात्रि को अंधेरे का साम्राज्य रहता है यहां न तो विद्युत खंभा लगाए गए हैं और नहीं कोई प्रकाश की व्यवस्था की गई है। रात को आवागमन के समय यात्रियों के साथ इस अंधेरे में लूट होने का डर बना रहता है। जहां शीघ्र प्रकाश की व्यवस्था किए जाने की आवश्यकता है ।इतना ही नहीं बल्कि इस रेलवे स्टेशन के पास सुलभ शौचालय का निर्माण नहीं किया गया है ।यहां दिन भर में हजारों की संख्या में लोग आवागमन करते हैं विशेष कर महिलाओं के लिए सुलभ शौचालय की व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें इधर-उधर खुले में जाना पड़ता है। इस महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन के सामने सुलभ शौचालय का बनाया जाना अत्यंत आवश्यक है जिसकी कमी के चलते यात्रियों को भारी मुसीबतो का सामना करना पड़ रहा है। जांजगीर-चांपा जिले का प्रमुख रेलवे स्टेशन होने के बावजूद चांपा रेलवे स्टेशन के पास ऑटो स्टैंड नही है। ऑटो स्टैंड के अभाव में ऑटो चालक द्वारा वाहनों को सडक़ किनारे लगा देते हैं उनके इस कृत्य से जहां सडक़ में कई बार चक्का जाम की स्थिति आ जाती है तो वही दुर्घटना की संभावना भी बनी रहती है। इस महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन के सामने ऑटो स्टैंड निर्माण किया जाना आवश्यक है ताकि यात्री अपनी सुविधा अनुसार आवागमन कर सके।
कई बार देखा जाता है कि आरपीएफ वाले एवं टीटीई द्वारा ऑटो एवं गाड़ी वालों का फाइन काट दिया काटा जाता है। जब कभी किसी व्यक्ति द्वारा अपनी गाड़ी से यात्रियों को छोडऩे स्टेशन तक आते हैं तो उनके वाहनों का चालान काट दिया जाता है। विशेष कर ऑटो चालकों द्वारा यात्रियों एवं उनके समानों को उतरते समय उक्त लोगों द्वारा चालान काट दिया जाता है। जबकि यात्रियों को उतारने तक का समय उन्हें दिया जाना चाहिए।
आरपीएफ एवं टीटीई के लोगों का भारी आतंक है। आटो चालक एवं यात्रियों को छोडऩे आए वाहन मालिक इनसे भारी परेशान है। विगत कई महीनो से देखा जा रहा है कि चांपा रेलवे स्टेशन के सामने साफ सफाई की व्यवस्था पूरी तरह से ठप्प है। स्टेशन के सामने जगह-जगह गंदगियों का आलम दिखाई दे रहे हैं जिसके कारण इस परिसर में पूरी तरह से दूषित वातावरण निर्मित होने लगा है गंदगी के कारण पूरे क्षेत्र में बदबू आने लगी हैं जिसके कारण लोग यहां जरा भी समय नहीं रख पाते।
जिले का सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन एवं जंक्शन होने के कारण यहां साफ सफाई,बिजली, पानी आदि सुविधाओं को रेलवे प्रबंधन को ध्यान देने की जरूरत है जिसके बिना यात्रियों का रुख अन्य स्टेशनों की ओर होता है जहां यात्रियों के यहां नहीं आने से राजस्व का नुकसान तो होगा ही साथ ही साथ इस स्टेशन से जुड़े हुए लोगों का व्यवसाय भी चौपट हो सकता है इसलिए रेलवे प्रबंधन को चाहिए कि यात्री सुविधाओं को ध्यान देवे। इसकी पूर्ति हेतु आवश्यक कदम उठाने की जरूरत है।






















