भरतपुर ब्लाक में फर्जी बिल लगाकर निकाले लाखों रूपए

जनकपुर। एमसीबी जिले के जनपद पंचायत भरतपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत सेमरिहा में विकास कार्यों के लिए शासन से मिली राशि का बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़ा किए जाने का मामला सामने आया है।
भरतपुर जनपद सीईओ के संरक्षण में सेमरिहा पंचायत के सरपंच और सचिव आपस में मिलकर लाखों रुपए की राशि फर्जी बिल व्हाउचर लगाकर पंचायत के खाते से निकाल ली, जिसका खुलासा तब हुआ जब इन फर्जी बिलों को ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया। ये फर्जी बिल भ्रष्टाचार की कहानी स्वयं बयां कर रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार एमसीबी जिले के ग्राम पंचायत सेमरिहा में कई ऐसे कार्य व सामग्री के फर्जी बिल व्हाउचर बनाए गए और फिर इन्हीं बिलों के आधार पर लाखों की राशि निकाल ली गई। ये राशि उन कामों के नाम पर निकाली गई है, जो काम पंचायत क्षेत्र में हुए ही नहीं है या फिर अधूरे छोड़ दिए गए हैं। इन फर्जी बिलों से राशि आहरण करने में सरपंच सचिव की मिलीभगत साफ नजर आ रही है। क्योंकि अधिकांश राशि का ऑनलाइन भुगतान एक ही काम और सामग्री के नाम पर चहेते लोगों के बैंक खातों में किए गए हैं। जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह सिर्फ कागजी घोटाला नहीं है, बल्कि इसमें ऑनलाइन भुगतान प्रणाली का भी दुरुपयोग किया गया है। इस फर्जीवाड़ा और भ्रष्टाचार की जानकारी भरतपुर जनपद के सीईओ को होने के बावजूद खामोश रहने में कमीशन के खेल की बात सामने आ रही है। जिससे स्थानीय लोगों ने ग्राम पंचायत सेमरिहा में हुए लाखों के फर्जीवाड़ा और भ्रष्टाचार की जिला स्तरीय जांच की मांग किए हैं।

RO No. 13467/10