सूरज की तपिश से लता के घर हुई रौशनी

कोरिय। अब सूरज की किरणें केवल रोशनी नहीं, बल्कि आमजन की जिंदगी में ऊर्जा और आय का नया स्रोत बन रही हैं। प्रधानमंत्री सूर्यघर-मुफ्त बिजली योजना ने बैकुंठपुर की निवासी श्रीमती लता गुप्ता के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। कभी बढ़ते बिजली बिल से परेशान रहने वाली लता अब बिजली उपभोक्ता से ऊर्जादाता बन गई हैं। श्रीमती गुप्ता ने अपने घर की छत पर 3 केवी का सोलर प्लांट लगाया है, जिस पर उन्हें 78 हजार रुपये की सब्सिडी मिली। पहले हर महीने हजारों रुपये का बिजली बिल चुकाना पड़ता था, जबकि अब उनका बिजली बिल लगभग शून्य है। उनका कहना है कि योजना की आवेदन प्रक्रिया बेहद सरल रही। ऑनलाइन आवेदन के बाद पूरी प्रक्रिया स्वत: पूर्ण हुई और सोलर पैनल समय पर स्थापित कर दिए गए। उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा। लता गुप्ता कहती हैं अब मैं सिर्फ उपभोक्ता नहीं, बल्कि ऊर्जा उत्पादक भी हूँ। यह योजना आम लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सब्सिडी व्यवस्था ने इस योजना को आमजन के लिए सुलभ बनाया है। इससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्र के लोग सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।

RO No. 13467/11