वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ईरान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि इसे परमाणु हथियार के अपने सपने को भूलना होगा। अगर ऐसा नहीं किया तो फिर हमले के लिए तैयार हो जाए। ट्रंप की यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब वॉशिंगटन और तेहरान के बीच परमाणु समझौते को लेकर एक चरण की वार्ता हो चुकी है और अगले चरण की इस शनिवार को होनी है।पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, ”वे हमें बहका रहे हैं। ईरान जानबूझकर अमेरिका के साथ परमाणु समझौते में देरी कर रहा है। ईरान या तो परमाणु हथियार की तरफ एक भी कदम ना बढ़ाए या फिर तेहरान के परमाणु ठिकानों पर सैन्य हमले के लिए तैयार हो जाए। ईरान को परमाणु हथियार का सपना भी नहीं देखना चाहिए और जो देखा है उसे भूलना होगा।”

ओमान निभा रहा मध्यस्थ की भूमिका

इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने कहा कि दोनों पक्षों के साथ मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाले ओमान से मिले आग्रह पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी गई है। इटली हमेशा की तरह सकारात्मक नतीजे लाने वाली बैठक का स्वागत करता है और इस बात यह परमाणु मुद्दे पर है। अब दोनों देशों के बीच अगले चरण की वार्ता इस शनिवार को रोम में होगी। जबकि बीते शनिवार को मस्कट में अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकाफ और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराक्ची के बीच पहले दौर की वार्ता हुई थी, जिसकी मेजबानी करने वाला ओमान अगले दौर की वार्ता में भी मध्यस्थ की भूमिका निभा सकता है। दोनों पक्षों ने अपनी वार्ता को सकारात्मक बताया था।