गयाजी। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की अधिसूचना से पहले एनडीए घटक दलों में सीट बंटवारे की सुगबुगाहट तेज हो गई है। गयाजी जिले की 10 विधानसभा सीटों में लोजपा (रामविलास) ने इस बार दो सीटों में अतरी और बोधगया पर अपनी सशक्त दावेदारी पेश कर माहौल गरमा दिया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि 2020 में परिस्थितियां अलग थीं, पर इस बार संगठन और जनाधार दोनों मजबूत स्थिति में हैं। वहीं, अतरी विधानसभा क्षेत्र से जेडीयू की भी मजबूत दावेदारी है। साथ ही हम पार्टी भी दावेदारी कर रही है। बोधगया विधानसभा भाजपा की पारंपरिक सीट है, लेकिन 2020 में हार मिलने के बाद लोजपा (रामविलास) के साथ हम (से.)पार्टी भी दावेदारी ठोक रहे है। अब जबकि गठबंधन की एकजुटता पर ज़ोर दिया जा रहा है, लोजपा (रामविलास) ने रणनीतिक तरीके से अतरी सीट को प्राथमिक लक्ष्य घोषित किया है। यह सीट पहले जेडीयू के खाते में थी, जहां महागठबंधन से राजद उम्मीदवार ने जीत दर्ज की थी। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के अनुसार, यहां संगठन मज़बूत है और यदि टिकट मिला तो यह सीट एनडीए के खाते में लौटाई जा सकती है। इसके अलावा बोधगया सीट पर भी लोजपा (रामविलास) का गुट सक्रिय है। कार्यकर्ताओं की मान्यता है कि धार्मिक, जातीय और युवाओं पर पकड़ वाली टीम यहां चुनाव लडऩे को तैयार है। संगठन ने इस सीट के लिए भी बायोडाटा जुटाना शुरू कर दिया है।