बड़े कारोबारियों का कर्ज माफ कर सकते हैं, वायनाड भूस्खलन पीडि़तों का नहीं, प्रियंका का केंद्र पर तंज

वायनाड 09 अक्टूबर। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने वायनाड भूस्खलन पीडि़तों का कर्ज माफ न करने के लिए केंद्र सरकार की आलोचना की और कहा कि उसे बड़े व्यवसायों का कर्ज माफ करने में कोई हिचकिचाहट नहीं होती। पार्टी की ओर से जारी एक बयान में प्रियंका केरल उच्च न्यायालय में केंद्र सरकार के इस रुख पर प्रतिक्रिया दे रही थीं कि वह वायनाड भूस्खलन पीडि़तों का कर्ज माफ नहीं कर सकती। वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका ने कहा कि वह उच्च न्यायालय की इस टिप्पणी से पूरी तरह सहमत हैं कि केंद्र ने पीडि़तों की जरूरत के समय उन्हें निराश किया है।
केरल हाईकोर्ट ने बुधवार को तीखी टिप्पणी करते हुए कहा था कि केंद्र सरकार ने वायनाड में 2024 के भूस्खलन के पीडि़तों का कर्ज माफ करने के अपने अधिकारों का उपयोग न करके उन्हें वस्तुत: निराश किया है। इस पर केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वीडी सतीशन ने भी केंद्र के रुख से असहमति जताते हुए इसे ‘गलत कदम’ करार दिया। उन्होंने कहा कि भूस्खलन पीडि़तों पर हर तरह के कर्ज हैं, लेकिन आय का कोई स्रोत या संपत्ति नहीं है। ऐसी परिस्थितियों में कर्ज माफ करना जरूरी हो जाता है।

RO No. 13467/11