
नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को एक साथ कई अंतरराष्ट्रीय मामलों में भारत की स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने रूस और वेनेजुएला से तेल खरीद, ईरान-अमेरिका संकट पर नजर बनाए रखने और वहां रहने वाले भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही।
साथ ही भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने और ट्रंप के बोर्ड आफ पीस कार्यक्रम में भारत की भूमिका पर भी जोर दिया।
वेनेजुएला और रूस से तेल खरीद पर भारत का रुख साफ करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत ने रूस और वेनेजुएला दोनों से तेल खरीदने पर अपनी स्थिति पहले ही स्पष्ट कर दी है।
उन्होंने बताया कि पिछले कुछ हफ्तों में इस विषय पर जो बयान दिए गए हैं, वही भारत की नीति को दर्शाते हैं। जायसवाल ने कहा कि वेनेजुएला से तेल तभी खरीदा जाएगा जब यह व्यापारिक रूप से लाभकारी होगा। यानी कीमत, गुणवत्ता और लॉजिस्टिक्स सही होने पर ही यह विकल्प अपनाया जाएगा। इसके साथ ही रूस से तेल खरीदने के मामले में भी जायसवाल ने भारत की स्थिति साफ की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि हमारी ऊर्जा नीति देश की जरूरतों और सुरक्षा को प्राथमिकता देती है। तेल खरीद के फैसले राष्ट्रीय हित और व्यावसायिक लाभ को ध्यान में रखकर ही लिए जाएंगे।






























