बाराद्वार। कांग्रेस पार्टी ने शनिवार को बाराद्वार नगर में विधानसभा स्तरीय संविधान बचाओ रैली निकाली। रैली की अगुवाई क्षेत्रीय विधायक और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने की। रैली की शुरुआत अंबेडकर चौक से हुई, जहां डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद रैली मंगल भवन तक पहुंची, जहां सभा का आयोजन हुआ।
सभा में चरणदास महंत ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार विपक्ष के लोगों को डरा रही है और जेल भेज रही है। संविधान खतरे में है। अगर संविधान नहीं रहा तो लोकतंत्र कमजोर हो जाएगा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद डॉ. अंबेडकर की अध्यक्षता में तीन साल तक विचार-विमर्श कर संविधान बनाया गया, जिससे देश अपने कानून से चला। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में बीजेपी सरकार ने मनमाने संशोधन कर संविधान की मूल भावना से दूर ले जाने की कोशिश की है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने देशवासियों को संविधान बचाने के लिए जागरूक करने का आह्वान किया है।
कांग्रेस हर गांव, हर शहर, हर घर तक पहुंचेगी। सभा में चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव ने कहा कि संविधान ने हमें बराबरी का अधिकार दिया है, जिसे बनाए रखने के लिए रैली जरूरी हो गई है। जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू ने कहा कि केंद्र सरकार संविधान बदलने की कोशिश कर रही है। संविधान देश को एक सूत्र में बांधता है, इसे बचाने के लिए सभी को एक होना पड़ेगा। सभा को अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। रैली में सक्ती और जांजगीर-चांपा जिले से कांग्रेस नेता, पदाधिकारी, सदस्य, जनप्रतिनिधि, महिलाएं, आम नागरिक और युवक कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।