कामवाली बाई ने की 20 लाख के गहनों की चोरी, 24 घंटे में गिरफ्तार

दुर्ग। थाना पद्मनाभपुर क्षेत्र में घरेलू कामकाज करने वाली महिला द्वारा घर से सोने-हीरे के आभूषण चोरी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रार्थी राहुल जैन निवासी HIG-157, मिनी क्रिकेट स्टेडियम के सामने, पद्मनाभपुर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-हीरे के आभूषण गायब हैं। शिकायत के आधार पर थाना पद्मनाभपुर में अपराध क्रमांक 91/2026, धारा 331(4) एवं 305(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही महिला को अभिरक्षा में लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी कविता देशलहरे, उम्र 36 वर्ष, निवासी स्टेशन मरोदा, थाना नेवई, प्रार्थी के घर में पहले से ही घरेलू कामकाज कर रही थी। उसने विश्वास में लेकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया और पुलिस को चोरी किए गए सोने-हीरे के आभूषणों के स्थान की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के आभूषण और अन्य सामग्री बरामद की। जब्त सामग्री में एक नग हीरे जड़ी सोने की चैन, दो नग मंगलसूत्र, एक नग नेकलेस, दो नग कान के झुमके, एक नग चांदी का करधन, एक नग बड़ी पायल, एक नग छोटी पायल और दो नग बिछिया शामिल हैं। सभी सामग्री को विधिवत जप्त कर लिया गया।
आरोपी कविता देशलहरे को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि प्रकरण के अन्य पहलुओं पर भी विवेचना जारी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। थाना पद्मनाभपुर के थाना प्रभारी राजकुमार लहरें और उनकी टीम की त्वरित, सतर्क एवं प्रभावी भूमिका की सराहना की जा रही है। उनकी कार्रवाई के कारण ही 24 घंटे से भी कम समय में चोरी का सफल खुलासा संभव हुआ।

RO No. 13467/10