
पूर्व राजदूत पीटर मैंडेलसन गिरफ्तार
लंदन, २४ फरवरी ।
यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन के साथ संबंध उजागर होने के बाद अमेरिका में ब्रिटेन के पूर्व राजदूत पीटर मैंडेलसन को लंदन पुलिस ने सरकारी पद पर रहकर कदाचार करने के संदेह में गिरफ्तार कर लिया है। 72 वर्षीय मैंडेलसन को सितंबर में ब्रिटेन की राजनयिक सेवा की सबसे प्रतिष्ठित पोस्टिंग से बर्खास्त कर दिया गया था। पुलिस ने इस महीने की शुरुआत में प्रधानमंत्री कीयर स्टार्मर सरकार द्वारा पूर्व राजदूत और एपस्टीन के बीच हुई बातचीत को सार्वजनिक करने के बाद मैंडेलसन के विरुद्ध आपराधिक जांच शुरू की थी।
जनवरी के आखिर में अमेरिकी न्याय विभाग ने मैंडेलसन और एपस्टीन के बीच हुए ईमेल जारी किए थे।उनसे पता चला था कि दोनों लोगों के बीच कहीं ज्यादा करीबी रिश्ता था। मैंडेलसन जब गार्डन ब्राउन की सरकार में मंत्री थे, तब उन्होंने एपस्टीन के साथ जानकारियां साझा की थीं। मैंडेलसन ने इसी महीने स्टार्मर की लेबर पार्टी व संसद के ऊपरी सदन की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। साथ ही एपस्टीन के साथ रिश्तों पर अफसोस जताया था।





















