
बिलासपुर, 0८ अक्टूबर ।
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हुआ है। बिलासपुर के झंडूता विधानसभा क्षेत्र में बस पर पहाड़ से मलबा गिर गया। हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई। कई लोगों के दबे होने की आशंका है। यह हादसा भल्लू पुल के पास हुआ है। बस की छाती चीर पहाड़ से मलबा गिरकर अंदर घुस गया। बस से अभी तक कुल 18 शव निकाले गए हैं। सभी शवों को बरठी हॉस्पिटल पहुंचाया गया है। बस का नाम आयुष है और यह बरठीं भल्लू मार्ग पर झंडूता विधानसभा क्षेत्र में चलती है। बिलासपुर बस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दुख जताया है। उन्होंने अपने एक्स पर लिखा कि बस दुर्घटना में लोगों की मौत का समाचार अत्यंत दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। पीएम मोदी ने कहा कि बिलासपुर में हुए हादसे में हुई जान-माल की हानि से दुखी हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बस हादसे में 15 लोगों की जान चली गई है। 18 लोगों को बाहर निकाला था, जिनमें से तीन को अस्पताल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि बस में करीब 25-30 लोग सवार थे।हादसे में सगे भाई बहन बच गए द्य अपने रिश्तेदार के यहां से फंक्शन से अपने घर फगोग आ रहे थे। हादसे पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री निरंतर जिला प्रशासन के संपर्क में हैं और उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि घायलों को तुरंत उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया जाए और उनके इलाज की पूरी व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री शिमला से पूरे हालात की लगातार निगरानी कर रहे हैं।दुर्घटना पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रो प्रेम कुमार धूमल, शांता कुमार, सांसद सुरेश कश्यप, कंगना रनौत, राजीव भारद्वाज, हर्ष महाजन, इंदु गोस्वामी, महामंत्री सिकंदर कुमार, संजीव कटवाल, पायल, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, रणधीर शर्मा, त्रिलोक जमवाल, सुरेश चंदेल, राकेश जमवाल, विपिन परमार, कर्ण नंदा, स्वदेश ठाकुर ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भूस्खलन की चपेट में आने की दुखद घटना पर दु:ख जताते हुए इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों श्रद्धांजलि देते हुए परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्ति की हैं। साथ ही प्रशासन से राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया है जिससे फंसे हुए लोगों को सकुशल निकाला जा सके।





















