
सोकोतो (नाइजीरिया)। पश्चिमी नाइजीरिया के क्वारा राज्य के दो गांवों – वोरो और नुकु में मंगलवार शाम को उग्रवादी हमले में कम से कम 200 लोगों की मौत हो गई। यह हाल के महीनों में हुए सबसे घातक हमलों में से एक है। स्थानीय सांसद मोहम्मद उमर बायो के अनुसार, यह नरसंहार ‘लकुरावा’ नामक सशस्त्र समूह द्वारा किया गया है जो कुख्यात आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट से जुड़ा हुआ है। रेड क्रास के अनुसार, प्रभावित क्षेत्र अत्यंत दुर्गम और राज्य की राजधानी से लगभग आठ घंटे की दूरी पर स्थित हैं।
बेनिन सीमा के पास होने और खराब कनेक्टिविटी के कारण राहत कार्यों में बाधा आ रही है। क्वारा के गवर्नर अब्दुल रहमान अब्दुल रजाक ने इसे ”हताशा में की गई कायरतापूर्ण कार्रवाई” बताया है।
उनके अनुसार, यह हमला राज्य में जारी सैन्य अभियानों के जवाब में किया गया है। नाइजीरिया वर्तमान में एक जटिल सुरक्षा संकट से जूझ रहा है। उत्तर-पूर्वी हिस्से में विद्रोह जारी है, जबकि उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य क्षेत्रों में फिरौती के लिए अपहरण और सशस्त्र डकैती की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं।































