बंगाल भाजपा के सांसदों संग दिल्ली में बैठक, ३ फरवरी को नितिन नवीन की अध्यक्षता में होगा मंथन

कोलकाता, 0२ फरवरी ।
आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बंगाल की दो दिवसीय यात्रा के एक हफ्ते के भीतर भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने तीन फरवरी को बंगाल में पार्टी के सभी सांसदों और केंद्रीय पर्यवेक्षकों की बैठक बुलाई है।पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह बैठक केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री व बंगाल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुकांत मजूमदार के आवास पर शाम 6.30 बजे से होगी। माना जा रहा है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इस बैठक में बंगाल में विधानसभा चुनाव की तैयारियों व रणनीति पर पार्टी सांसदों के साथ मंथन करेंगे। संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा में बंगाल से भाजपा के सभी सांसदों को बैठक में बुलाया गया है। राज्यसभा के मनोनीत सदस्य व पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला को भी बैठक में बुलाया गया है। हालांकि पार्टी सांसदों ने बैठक के एजेंडे के बारे में फिलहाल कुछ भी कहने से इनकार किया है।भाजपा सूत्रों के अनुसार, बंगाल के चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और राज्य भाजपा के दोनों केंद्रीय पर्यवेक्षक सुनील बंसल और मंगल पांडेय सहित सह-पर्यवेक्षक अमित मालवीय व बिप्लब देब भी इस बैठक में उपस्थित रहेंगे। बैठक के बाद रात्रिभोज भी होगा। बंगाल से अभी लोकसभा में भाजपा के 12 सांसद हैं। वहीं, राज्यसभा में तीन सदस्य हैं – शमिक भट्टाचार्य, अनंत महाराज और हर्षवर्धन श्रृंगला। इसमें हर्षवर्धन श्रृंगला मनोनीत सदस्य हैं। इससे पहले 20 जनवरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद नितिन नवीन हाल में 27-28 जनवरी को बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर आए थे।अध्यक्ष के रूप में उन्होंने पहला दौरा बंगाल का ही किया। इस दौरे में उन्होंने दुर्गापुर और रानीगंज में पार्टी नेताओं के साथ सांगठनिक बैठकें की और दो कार्यकर्ता सम्मेलन में भी भाग लिया था।
बंगाल से लौटने के छह दिन बाद अब उन्होंने चुनाव की तैयारियों को लेकर दिल्ली में यह बैठक बुलाई है। इससे स्पष्ट होता है कि नए पार्टी अध्यक्ष के रूप में बंगाल उनकी प्राथमिक सूची में सबसे उपर है।
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एसआईआर संबंधी मुद्दों पर बातचीत व शिकायत के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मुलाकात के लिए रविवार को दिल्ली के दौरे पर पहुंचीं और सोमवार को वह सीईसी से मुलाकात करेंगी।मुख्यमंत्री के इस दौरे पर बंगाल भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने उनपर निशाना साधते हुए कहा कि एसआईआर रोकने के लिए ममता चुनाव आयोग के चक्कर काट रही हैं। घोष ने साफ कहा कि चाहे ममता कुछ भी कर लें, एसआईआर प्रक्रिया रुकने वाली नहीं है।

RO No. 13467/11