
जांजगीर। अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इस क्रम में जिला खनिज अधिकारी अनिल कुमार साहू ने बताया कि बम्हनीडीह, पुछेली, बिर्रा, कनस्दा, हथनेवरा और पीथमपुर क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
खनिज उडऩदस्ता की कार्रवाई में कुल 5 वाहन जब्त किए हैं। इनमें ग्राम पुछेली से 1 ट्रैक्टर, पीथमपुर से 1 हाइवा, कनस्दा से 1 ट्रैक्टर और बम्हनीडीह से 2 हाईवा शामिल हैं। सभी वाहनों को संबंधित थाना और पुलिस रक्षित केंद्रों में सुरक्षा के लिए रखा गया है। जिला खनिज अधिकारी ने आगे बताया कि बम्हनीडीह और पुछेली क्षेत्र में अब तक 76 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें अवैध परिवहन के 66 प्रकरणों पर 11,87,480 रुपए, अवैध उत्खनन के 6 प्रकरणों पर 3,00,230 रुपए और अवैध भंडारण के 4 प्रकरणों पर 9,77,840 रुपए जुर्माना वसूलकर खनिज मद में जमा कराई गई है। अवैध खनन, परिवहन और भंडारण करने वालों के खिलाफ खनन एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, संबंधित वाहनों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
दोबारा पकड़े गए तो परिवाद होगा दर्ज भविष्य में यदि पुनरावृत्ति होती है, तो न्यायालय में परिवाद दर्ज कर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।कलेक्टर महोबे के निर्देशन में जिले में खनिज अमला और जिला स्तरीय टास्कफोर्स लगातार गश्त और निरीक्षण कर रही है। शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है और जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
























