मंत्री का होली मिलन कार्यक्रम निजी निवास में तो पूर्व मंत्री का स्वर्ण सिटी में कल

कोरबा। हर वर्ष की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी जिले के प्रमुख नेताओं द्वारा नगर में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कल 4 मार्च को होली है, अत: इस अवसर पर प्रदेश के केबिनेट मंत्री एवं शहर विधायक लखनलाल देवांगन अपने चारपारा कोहडिय़ा स्थित निजी निवास में कार्यक्रम रखे हैं। वहीं पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल का होली मिलन कार्यक्रम स्वर्ण सिटी में होगा। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, पूर्व महापौर जोगेश लांबा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी द्वारा भी कल होली मिलन समारोह रखा गया है। जानकारी के अनुसार केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन का होली मिलन समारोह सुबह 9.30 बजे शुरू होगा और दोपहर 12 बजे तक चलेगा। इस दौरान मंत्री अपने निजी निवास में उपलब्ध रहेंगे और लोगों से मुलाकात करने के साथ होली भी मनाएंगे।
इसी तरह होली के पावन एवं उल्लासपूर्ण पर्व के उपलक्ष्य में दर्री रोड स्थित स्वर्ण सिटी, कोरबा में 4 मार्च को प्रात: 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक भव्य एवं गरिमामय होली मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह वार्षिक आयोजन पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के सान्निध्य में संपन्न होगा।
प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह होली मिलन समारोह सर्वसाधारण के लिए खुला है, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक, विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा आमजन सादर आमंत्रित हैं।
कार्यक्रम के दौरान रंग-गुलाल, पारंपरिक होली गीत-संगीत एवं आत्मीय मिलन के माध्यम से आपसी प्रेम, भाईचारा, सौहार्द और सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा। श्री अग्रवाल ने समस्त क्षेत्रवासियों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस उत्सव को अपनी गरिमामयी उपस्थिति से सफल एवं यादगार बनाएं तथा हर्षोल्लास के साथ होली पर्व का आनंद लें।
भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा द्वारा भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का नेतृत्व पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी करेंगे। जानकारी के अनुसार यह होली मिलन समारोह 4 मार्च को प्रात: 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चित्रा टॉकीज प्रांगण, कोरबा में आयोजित होगा। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी। आयोजकों ने बताया कि समारोह का उद्देश्य रंगों के इस पावन पर्व को आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाना है। कार्यक्रम के दौरान आपसी मिलन, गुलाल एवं शुभकामना आदान-प्रदान के साथ संगठनात्मक चर्चा भी की जाएगी।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने होली के पावन पर्व पर कल अपने राताखार स्थित निज आवास में होली मिलन समारोह रखा है, जो सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगा।
रंगों, उल्लास और सामाजिक समरसता के इस विशेष पर्व का आयोजन 4 मार्च को रानी रोड स्थित धनुवारपारा (निवास परिसर) में किया जाएगा। पूर्व महापौर जोगेश लाम्बा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9.30 बजे से होगी, जो दोपहर 12 बजे तक चलेगा। समारोह में नगर के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय रहवासियों को आमंत्रित किया गया है।

RO No. 13467/11