किसानों को टोकन नहीं मिलने पर विधायक ने ली जानकारी

अकलतरा। पकरिया (लटिया) धान खरीदी केंद्र में किसानों के टोकन नहीं काटे जाने की शिकायत मिलने पर विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह सुबह 11 बजे केंद्र पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद किसानों से बातचीत की।
किसान दिनेश सिंह ने बताया कि टोकन नहीं काटे जाने से किसान धान बेच नहीं पा रहे हैं। राजस्व और सहकारिता विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने पर उच्च अधिकारियों के निर्देश का हवाला देकर टोकन काटने से इनकार किया जा रहा है। अभिषेक सिंह ने बताया कि किसानों को धान बेचने केंद्र पहुंचने पर अधिकारी धान का सत्यापन करने की बात कह रहे हैं। घर तक जाकर दबाव बनाने और धान समर्पित करने की मजबूरी बताई जा रही है। जयप्रकाश साहू ने कहा कि घर में जगह कम होने से किसान धान अलग-अलग स्थानों पर रख रहे हैं, लेकिन अधिकारी इसे सत्यापन में नहीं मानते और धान खरीदने से मना कर देते हैं। टोकन नहीं मिलने से किसान परेशान हैं।
विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह ने केंद्र में मौजूद अतिरिक्त तहसीलदार शालिनी तिवारी, नायब तहसीलदार प्रशांत गुप्ता, सहकारिता विभाग की उपपंजीयक मंजू पांडेय, नोडल अधिकारी अमित साहू और सहकारिता विस्तार अधिकारी अमर राठौर को फटकार लगाई।
उन्होंने पूछा कि किस अधिकारी ने टोकन नहीं काटने का निर्देश दिया है। उन्होंने किसानों को तत्काल टोकन जारी करने और भौतिक सत्यापन के नाम पर उन्हें परेशान न करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त तहसीलदार ने बताया कि सहकारिता विभाग द्वारा ऑनलाइन प्रविष्टि होने के बाद तीन दिनों के भीतर 64 किसानों के टोकन जारी कर सत्यापन किया जाएगा। विधायक ने तीन दिनों के भीतर सभी 64 किसानों के टोकन काटने और किसानों की समस्याओं का तुरंत समाधान सुनिश्चित करने को कहा। धान खरीदी केंद्र में सरपंच राशिक बिहारी सिंह, किसान सुरेश राज, धीरज सिंह, अंकित सिंह सिसोदिया, हर्षवर्धन सिंह, अविनाश साहू, पंकज श्रीवास, रवि सेन, कैलाश कैवर्त, नंदकिशोर साहू, मनोज साहू, घनश्याम गोंड और अन्य किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

RO No. 13467/10