नई दिल्ली। पिछले दो दिनों में मध्य, पश्चिमी और पूर्वी भारत के बड़े हिस्से को तेजी से कवर करने वाले दक्षिण-पश्चिमी मानसून के अगले दो से तीन दिनों में दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों तक पहुंचने की उम्मीद है। मानसूनी वर्षा से बिहार के अधिकांश हिस्सों और पूर्वी उत्तर प्रदेश में जनजीवन बुरी प्रभावित हुआ। बिजली गिरने से उप्र में 12 लोगों की मौत हो गई। मौसम बिगड़ने के कारण चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, लखनऊ की आठ उड़ानें लेटलतीफी का शिकार हुईं। आइएमडी के अनुसार, आगामी 20 से 25 जून के बीच हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, जम्मू व कश्मीर और लद्दाख सहित उत्तर-पश्चिम भारत के बड़े हिस्से में वर्षा होने का अनुमान है।

मानसून के 22 जून तक दिल्ली पहुंचने की संभावना है। गुरुवार को पूर्वी उप्र के साथ ही मध्य क्षेत्र में भी कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहा। पूर्वांचल के सोनभद्र, चंदौली, मीरजापुर, प्रयागराज, देवरिया, गोरखपुर और आसपास के जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा भी चलेगी।