
कोरिया बैकुंठपुर। कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में नगर पालिका परिषद द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए डोर टू डोर कचरा संग्रहण कार्य में जुटे स्वच्छता कर्मियों एवं स्वच्छता दीदियों को नए कपड़े एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक ग्लव्स (दस्ताने) प्रदान किए गए। इस कार्य का उद्देश्य न केवल स्वच्छता कार्य को और अधिक प्रभावी बनाना है, बल्कि उन जमीनी योद्धाओं के मनोबल को भी बढ़ाना है जो दिन-रात नगर को स्वच्छ बनाए रखने में जुटे हैं।
नगर पालिका परिषद कार्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर पालिका के अध्यक्ष, मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएम ओ), पार्षदगण, स्वच्छता निरीक्षक, उप अभियंता और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष ने स्वच्छता कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप लोग हमारे नगर की रीढ़ हैं। यदि आप स्वच्छता बनाए रखने का बीड़ा न उठाएं, तो हमारा शहर स्वच्छ नहीं रह सकता। यह हमारी जिम्मेदारी है कि आपको आवश्यक संसाधन और सम्मान दोनों प्रदान करें। कार्यक्रम के दौरान लगभग 100 से अधिक स्वच्छता कर्मियों को नए यूनिफॉर्म, हाथ के दस्ताने (ग्लव्स), फेस मास्क, और कुछ कर्मियों को विशेष पहचान पत्र भी प्रदान किए गए, जिससे उनकी सुरक्षा और पहचान दोनों सुनिश्चित की जा सके। नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर द्वारा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रणाली को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। पहले जिन इलाकों में नियमित कचरा संग्रहण नहीं हो पाता था, वहां अब समयबद्ध तरीके से वाहन और कर्मचारी भेजे जा रहे हैं।





















