जिले में अब तक 20 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीदी

कोरिया बैकुंठपुर। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य तेजी से जारी है। 15 नवंबर से प्रारंभ हुई धान खरीदी के अंतर्गत किसानों में उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने निर्धारित क्रम के अनुसार धान विक्रय केन्द्रों में पहुंचकर बिक्री कर रहे हैं। किसान मोबाइल एप के माध्यम से टोकन लेकर सुचारू रूप से खरीदी कार्य में भाग ले रहे हैं। 21 नवंबर तक की स्थिति में धान बेचने वाले किसानों की संख्या 433 है। कुल उपार्जित धान 20,321 क्विंटल। खरीदे गए धान की कुल राशि 4,81,40,922 रुपए और कृषि ऋण वसूली 99,43,132 रुपए है। किसानों के खाते में भुगतान 3,81,97,790 रुपए। धान खरीदी के शुरुआती सात दिनों में ही जिले में 20 हजार क्विंटल से अधिक धान उपार्जन होना खरीफ विपणन वर्ष की बेहतर शुरुआत माना जा रहा है। किसानों को समय पर भुगतान किए जाने से संतोष की स्थिति है, वहीं सहकारिता विभाग द्वारा कृषि ऋण की वसूली में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। जिला प्रशासन ने बताया कि धान खरीदी केंद्रों में व्यवस्था लगातार मॉनिटरिंग में है और किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

RO No. 13467/ 8