दो बेटियों की हत्या कर मां ने की आत्महत्या की कोशिश

दक्षिणी दिल्ली, 0६ मार्च ।
मालवीय नगर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक महिला ने पहले अपनी दोनों बेटियों की हत्या कर दी, बाद में स्वयं फंदे से लटक गई। पर समय रहते पुलिस ने उसे बचा लिया, जिसकी अस्पताल में हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामला दर्ज कर महिला के बयान दर्ज करने की कोशिश कर रही है। साथ ही उसके रिश्तेदारों से भी हत्या व आत्महत्या के कारणों को लेकर पूछताछ कर रही है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मालवीय नगर पुलिस को शाम छह बजकर दस मिनट पर पीसीआर काल मिली। फोन करने वाले ने बताया कि महिला कमरे का दरवाजा नहीं खोल रही है और न ही अंदर से किसी की आवाज आ रही है। पुलिस मौके पर पहुंची। वीडियोग्राफी के बीच दरवाजे को तोड़ा गया। अंदर एक लडक़ी की लाश मिली जिसके चेहरे पर तकिया था, वहीं दूसरे कमरे में एक और लडक़ी का शव मिला, जिसकी गर्दन पर रस्सी लिपटी थी। दोनों की पहचान बहनों के तौर पर हुई।
जब अन्य कमरे में जाकर देखा गया तो उनकी मां कमरे में फंदे पर बेहोश, पर जिंदा मिली, उसे उतारकर एम्स ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि मां ने पहले दोनों बेटियों को मारा और फिर आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिए। क्राइम और फारेंसिक टीम की सहायता से सबूत जुटाए गए। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है और उनके रिश्तेदारों से हत्या और आत्महत्या के बारे में पता करने की कोशिश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला के बयान लेने की कोशिश की जा रही है, जिससे वारदात के कारणों का पता चल सकेगा।

RO No. 13467/11