
कोरिया बैकुंठपुर। कोरिया जिले के बैकुंठपुर स्थित रामपुर एसईसीएल कॉलोनी में बुधवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
विजयादशमी के अवसर पर कॉलोनी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ देवी को विदाई दी। इस मौके पर महिलाओं ने सिंदूर खेला की परंपरा निभाते हुए मां दुर्गा को विदाई दी और आपस में सिंदूर लगाकर शक्ति और सौभाग्य की मंगलकामनाएं कीं। रामपुर कॉलोनी में हुए इस आयोजन में स्थानीय नागरिकों और युवा मंडल के सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। ढोल-नगाड़ों और जयकारों की गूंज के बीच मां दुर्गा की प्रतिमा को जुलूस के साथ विसर्जन स्थल तक ले जाया गया। भक्तों ने मां दुर्गा से सुख-समृद्धि, शांति और समाज की खुशहाली की कामना की।
शहर के अन्य इलाकों में भी प्रतिमा विसर्जन की तैयारी पूरी कर ली गई है। जानकारी के अनुसार बैकुंठपुर शहर के महलपारा, स्कूलपारा और अन्य समितियों द्वारा शुक्रवार को मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। इस दौरान प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से त्योहार का आनंद उठा सकें। दुर्गा उत्सव के समापन पर भक्तों में भले ही माता की विदाई की उदासी रही, लेकिन यह विश्वास भी था कि अगले वर्ष मां दुर्गा फिर से आशीर्वाद देने अवश्य पधारेंगी। धार्मिक आस्था, सामाजिक उत्साह और सांस्कृतिक परंपरा का संगम बने इस आयोजन ने जिलेभर में भक्तिमय वातावरण बना दिया।





















