MP के सिंगरौली में कोयला लेकर जा रहा ट्रेलर पलटा, दो युवकों की मौत; भड़के ग्रामीणों ने ट्रक-बस फूंके

सिंगरौली। मध्य प्रदेश में सिंगरौली जिले के मांडा थाना क्षेत्र में एक डंपर के चालक ने बाइक सवार रामलालू यादव और रामसागर प्रजापति को शुक्रवार सुबह सामने से टक्कर मार दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने अदाणी कंपनी की चार बसें और कंपनी से अनुबंधित दो ट्रकों को आग के हवाले कर दिया। घटनाक्रम के बाद शुक्रवार रात करीब आठ बजे कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला और एसपी मनीष खत्री मौके पर पहुंच गए। प्रभारी आइजी साकेत पांडे के मुताबिक हालात नियंत्रित हैं। कई थानों का बल मौके पर तैनात किया गया है। पुलिस के अनुसार सुबह करीब 11 बजे अमिलिया खदान से आ रहे डंपर के चालक ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह 20 फीट गहरे गड्ढे में गिर गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों को मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद डंपर भी पलट गया। डंपर चालक फरार है और वाहन को जब्त कर लिया गया है।

RO No. 13467/10