
कोरबा । नगर पालिक निगम कोरबा एवं पशु चिकित्सा विभाग की संयुक्त टीम के द्वारा आवारा स्ट्रीट एवं पालतू श्वान के वैक्सीनेशन का कार्य लगातार किया जा रहा है, इस कड़ी में नगर निगम क्षेत्र के महाराणा प्रताप नगर में शिविर लगाया गया तथा 22 स्ट्रीट एवं पालतू श्वान के वैक्सीनेशन का कार्य सम्पन्न कराया गया, साथ ही पालतू श्वान को वर्मी दवा भी दी गई।अब तक 315 स्ट्रीट एवं पालतू श्वान के वैक्सीनेशन का कार्य पूरा कर लिया गया है, इसके साथ ही पालतू श्वान के स्वामियों से अपील की गई है कि वे अपने श्वान का नि:शुल्क वैक्सीनेशन पशु चिकित्सालय में ले जाकर करवा सकते है।
माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेश के परिपालन में छत्तीसगढ़ शासन पशुधन विकास विभाग से प्राप्त निर्देशानुसार निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में स्ट्रीट एवं पालतू श्वान के वैक्सीनेशन व अन्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराए जाने की दिशा में नगर निगम कोरबा द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में नगर निगम व उपसंचालक पशु चिकित्सा विभाग की टीम के द्वारा आवारा कुत्तों के वैक्सीनेशन का कार्य किया जा रहा है। निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी ने बताया कि शहर के विभिन्न स्थानों में शिविर लगाकर यह कार्यवाही की जा रही है, इसी कड़ी में कोरबा के महाराणा प्रताप नगर में शिविर लगाया गया तथा शिविर में स्ट्रीट एवं पालतू श्वान के वैक्सीनेशन कार्य सम्पन्न कराया गया, इसके साथ ही अब तक 315 स्ट्रीट श्वान का टीकाकरण किया जा चुका है। डॉ. तिवारी ने बताया कि निगम क्षेत्र में स्ट्रीट श्वान की फीडिंग हेतु 67 स्थान चिन्हाकित किए गए हैं तथा इन फीडिंग स्थलों पर बोर्ड लगाने का कार्य अंतिम चरण में है, वहीं एक वाहन के साथ केचिग टीम का गठन भी स्ट्रीट श्वान को पकडऩे व नियंत्रण हेतु किया गया है। स्ट्रीट श्वान को गोद लेकर उनका पालन पोषण करने के इच्छुक पशुप्रेमी उन्हें गोद लेने के लिए आगे आ सकते हैं, जो पशुप्रेमी स्ट्रीट श्वान को गोद लेने की इच्छा रखते है, वे इस संबंध में अपने आवेदन निगम में प्रस्तुत कर सकते हैं। निगम इसमें आवश्यक कार्यवाही करते हुए पशुप्रेमियों को अपना पूरा सहयोग प्रदान करेगा।























