खौफनाक: सुकमा SDOP पर कातिलाना हमला, पीछा कर दंतेवाड़ा में गला रेतने की कोशिश!

दंतेवाड़ा छत्तीसगढ़ 19 दिसंबर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सुकमा के एसडीओपी (SDOP) तोमेश वर्मा पर दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय में जानलेवा हमला हुआ है। हमलावर ने इतनी बेरहमी से वार किया कि अधिकारी के सिर और गले पर गंभीर चोटें आई हैं। लहूलुहान हालत में उन्हें तुरंत दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है।

फिल्मी अंदाज में पीछा कर वारदात को दिया अंजाम

पुलिस की शुरुआती जांच में जो खुलासा हुआ है, वह चौंकाने वाला है। बताया जा रहा है कि आरोपी रविशंकर साहू (निवासी दुर्ग) सुकमा से ही एसडीओपी का पीछा कर रहा था। जैसे ही अधिकारी किसी काम से दंतेवाड़ा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र पहुंचे, आरोपी ने मौका पाकर चाकू से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

संदिग्ध महिला के साथ पकड़ा गया आरोपी

वारदात के बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी रविशंकर साहू को गिरफ्तार कर लिया है। वह रजनिशा वर्मा नामक एक महिला के साथ दंतेवाड़ा पहुंचा था। पुलिस ने महिला को भी हिरासत में ले लिया है।

ASP आरके बर्मन के मुताबिक:

“आरोपी और महिला दोनों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। हमला किस मकसद से किया गया और इसके पीछे की असली साजिश क्या है, इसका पता लगाया जा रहा है। तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”

RO No. 13467/11