
शिवरीनारायण। विश्व महिला दिवस के अवसर पर नगर में नारी शक्ति स्वच्छता दौड़ आयोजित की जा रही है। इस कार्यक्रम में नगर प्रशासन उन महिला सफाई मित्रों को सम्मानित करेगा जो प्रतिदिन निस्वार्थ भाव से शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने में योगदान देती हैं। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर जन्मेजय महोबे भी उपस्थित रहेंगे।
दौड़ 9 मार्च को सुबह 7 से 9 बजे तक होगी। इसकी शुरुआत नटराज चौक से होगी। मार्ग बॉम्बे मार्केट और थाना चौक से होते हुए मध्यनगरी चौक में समाप्त होगा। स्वच्छता दौड़ में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल होंगी, जिनमें स्व सहायता समूह की महिलाएं, छात्राएं, महिला दुकानदार, ठेला संचालक, स्वच्छता सखियां और महिला स्वच्छता कर्मी रहेंगी। कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता शपथ के साथ होगी। इसमें प्लास्टिक कैरी बैग का उपयोग न करने, घर पर कचरा पृथक करने और सडक़ पर कचरा न फैलाने का संकल्प दिलाया जाएगा। दौड़ के दौरान प्रतिभागी मार्ग में फैले कचरे को एकत्र कर स्वच्छता का संदेश भी देंगी। बाजार क्षेत्र में दुकानदारों और ठेला संचालकों से नो प्लास्टिक और डस्टबिन उपयोग अपनाने की अपील की जाएगी। नगर प्रशासन ने शिवरीनारायण की सभी महिलाओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।























