राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह 2026 का सक्ती में हुआ समापन

सक्ती। जिला पुलिस सक्ती एवं यातायात पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह 2026 का समापन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक चले इस अभियान के दौरान जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा। समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने कहा कि अधिकांश सडक़ दुर्घटनाएं लापरवाही एवं यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। यदि प्रत्येक नागरिक नियमों का ईमानदारी से पालन करे तो बहुमूल्य जानें बचाई जा सकती हैं। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से जिम्मेदार वाहन संचालन की अपील की। भाजपा प्रदेश मंत्री विद्या सिदार ने अपने वक्तव्य में कहा कि सडक़ सुरक्षा अभियान समाज के हर वर्ग से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि, प्रशासन और आम नागरिक—तीनों की सहभागिता से ही सडक़ दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। सडक़ पर सतर्कता ही सुरक्षित भविष्य की कुंजी है। भाजपा जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गबेल ने कहा कि सडक़ सुरक्षा केवल जनवरी माह तक सीमित न रहकर वर्षभर का संकल्प बनना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि नगरीय क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आम नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नगर प्रशासन सडक़ सुरक्षा से जुड़े हर प्रयास में पुलिस प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेगा।
कार्यक्रम में उद्योगपति त्रिलोकचंद जायसवाल, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रेमलाल पटेल, नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, चितरंजन पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों में एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा, यातायात प्रभारी कमल किशोर महतो, रक्षित निरीक्षक उमेश राय एवं थाना प्रभारी लखन लाल पटेल मौजूद रहे। समापन अवसर पर उपस्थित लोगों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई और यह संदेश दिया गया कि सडक़ सुरक्षा अभियान नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का दायित्व है।

RO No. 13467/10