
भुवनेश्वर, २१ फरवरी ।
बीजू जनता दल के अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने आज राज्य विधानसभा में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी द्वारा पेश किए गए ओडिशा बजट 2026-27 की कड़ी आलोचना की। मीडिया से बातचीत में नवीन पटनायक ने कहा कि मैं इस बजट के बारे में क्या कहूँ। यह खाली रसोई में पूरे मेन्यू जैसा लगता है। इस बजट के बारे में मेरी यही भावना है। पटनायक की बात को आगे बढ़ाते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता अरुण साहू ने कहा कि मेन्यू तो है, लेकिन रसोई में खाना नहीं है। केवल श्रेय लेने के लिए नई पहलें लाई गई हैं। इतनी सारी नई योजनाएं शुरू की गई हैं कि अगर पूछा जाए तो उनके अपने भाजपा विधायक और मंत्री भी उन्हें याद नहीं रख पाएंगे। वे इतने सपने देखते हैं कि उन्हें पूरा करने के लिए रात भी कम पड़ जाए। उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार ने कर्ज लेकर बजट का आकार बढ़ाया है।वे पिछले साल के बजट की राशि भी खर्च नहीं कर पाए। कुल मिलाकर कहा जाए तो यह हाथी जैसा बड़ा बजट है, लेकिन खर्च चींटी जितना होगा। बजट गुब्बारे की तरह बड़ा है, पर उसमें कोई वजन नहीं है। यहां उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने आज राज्य विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 3.10 लाख करोड़ रुपये का ओडिशा बजट पेश किया। इस बजट को भाजपा नेता ऐतिहासिक बजट बता रहे हैं जबकि विपक्ष ने इस बजट को गुब्बारा एवं खाली रसोई में पूरा मेन्यु की संज्ञा दी है।

















