
नई दिल्ली। भाजपा ने रविवार को नवजोत सिद्धू की पत्नी और कांग्रेस नेता नवजोत कौर सिद्धू द्वारा लगाए आरोपों के बाद कांग्रेस पर हमला बोला। कहा कि कौर के गंभीर आरोपों के बाद कांग्रेस नेतृत्व को स्पष्टीकरण देना चाहिए। कांग्रेस नेतृत्व पर यह एक ”गंभीर आरोप” है। कौर के बयान को सामने रखते हुए भाजपा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद पाने के लिए कम से कम 500 करोड़ रुपये देने पड़ते हैं, वरना यह संभव नहीं है। कांग्रेस गले तक भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।
‘सीएम बनने के लिए 500 करोड़ का सूटकेस देना होता है’
गौरतलब है कि कौर ने कहा है कि जो 500 करोड़ रुपये का सूटकेस देता है, वह मुख्यमंत्री बन जाता है। हम हमेशा पंजाब और पंजाबियत की बात करते हैं, लेकिन हमारे पास 500 करोड़ रुपये नहीं हैं जो हम मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठने के लिए दे सकें। उन्होंने शनिवार को राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात के बाद पत्रकारों से ये बातें कही थीं।
बीजेपी ने कांग्रेस को घेरा
भाजपा नेता त्रिवेदी ने कहा कि देश के लोगों को कांग्रेस से सतर्क रहना चाहिए। वे पार्टी के भीतर और बाहर भी लोकतंत्र के दुश्मन हैं। कौर की टिप्पणी ने कांग्रेस को पूरी तरह से बेनकाब कर दिया है। यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पर इस तरह के आरोप लगे हैं। इससे पहले कांग्रेस नेता मार्गरेट अल्वा ने अपनी किताब ‘करेज एंड कमिटमेंट’ में लिखा था कि कैसे 2008 के कर्नाटक विधानसभा चुनावों में सभी सीटें सबसे ऊंची बोली पर नीलाम की जा रही थीं।
























