कोरबा: जेसीबी ऑपरेटर की लापरवाही ने ली मासूम की जान, आक्रोशित लोगों ने मुख्य मार्ग पर लगाया जाम

कोरबा 27 फरवरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मण बन तालाब के पास एक हृदयविदारक हादसा हो गया। जानकारी  के अनुसार यहाँ एक निर्माणाधीन आवासीय फ्लैट के पीछे बाउंड्री वॉल गिरने से मलबे में दबकर डेढ़ वर्षीय मासूम गणेश कर्ष की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है।

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, मौके पर जेसीबी मशीन से खुदाई और निर्माण कार्य चल रहा था। आरोप है कि जेसीबी ऑपरेटर की घोर लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण अचानक बाउंड्री वॉल का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। दीवार के पास मौजूद मासूम गणेश और दो युवक मलबे की चपेट में आ गए।

अस्पताल में मासूम ने तोड़ा दम

घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, प्राप्त जानकारी के अनुसार जहाँ उपचार के दौरान डेढ़ वर्षीय गणेश कर्ष को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य दो घायलों की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है, जिनका उपचार जारी है।

सड़क पर उतरा जन-आक्रोश

बच्चे की मौत की खबर फैलते ही बस्तीवासी और परिजन भड़क उठे। निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही से लोग पहले ही नाराज थे। न्याय की मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोग कोतवाली थाना पहुँचे और इसके बाद ओव्हरब्रिज व मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।

  • प्रमुख मांगें: दोषी ऑपरेटर और ठेकेदार के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई।

  • मुआवजा: पीड़ित परिवार को तत्काल उचित आर्थिक सहायता।

पुलिस प्रशासन की मशक्कत

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुँचे।  पुलिस प्रशासन प्रदर्शनकारियों को समझाने और उचित कार्रवाई का आश्वासन देने में जुटा है।

RO No. 13467/11