
कोरबा। साहसिक और रोमांचक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए यूथ हॉस्टल एसोसिएशन ऑफ इंडिया राष्ट्रीय स्तर पर काम कर रहा है। उसका विस्तार विदेशों तक हुआ है। छत्तीसगढ़ राज्य इकाई की बैठक हाल में ही संपन्न हुई। जिसमें राष्ट्रीय परिषद सदस्यों को नामित किया गया।
यूथ हॉस्टल एसोसिएशन ऑफ इंडिया राज्य परिषद और कार्यकारिणी की बैठक रविवार को संभागीय मुख्यालय के कंट्री क्लब में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता राज्य अध्यक्ष सुनील विश्नोई ने की। पात्रता के अंतर्गत 28 सदस्यों ने उपस्थिति दर्ज कराई। सभी इकाइयों के कोषाध्यक्ष इसमें शामिल हुए। एजेंडा के अंतर्गत लेखा, सदस्यता और कार्यक्रमों से संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा की गई। चूंकि राज्य की सदस्यता 2500 को पार कर गई है, इसलिए नए राष्ट्रीय परिषद सदस्यों का भी मनोनयन किया गया। सदस्यता और कार्यक्रमों को गति देने के लिए कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। दिसंबर 2024 में दिल्ली में आयोजित गेड़ी डांस, प्लेटिनम जुबली कार्यक्रम में भाग लेने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। स्टेट चेयरमेन संदीप सेठ सहित पदाधिकारियों का मार्गदर्शन सदस्यों को प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का समन्वय भास्कर, सीडीआर संदीप मुरारका और शैलेश शुक्ला ने किया।




















