
एमसीबी,जनकपुर। जिले के भरतपुर क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करने शुक्रवार को जनकपुर में ब्लाक कांग्रेस के नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जनकपुर एवं कोटाडोल के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के पूर्व विधायक गुलाब कमरो एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, नवनियुक्त पदाधिकारी व कार्यकर्ता एकत्रित हुए।
आयोजन को सफल बनाने में मुख्य रूप से जनकपुर ब्लॉक अध्यक्ष अंकुर प्रताप सिंह उर्फ गौरव का महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक गुलाब कमरो एवं जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रवि प्रताप सिंह द्वारा नवनियुक्त पदाधिकारियों को पुष्पमाला और गमछा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान अतिथियों ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनसे जन-जन तक कांग्रेस की नीतियों को पहुँचाने का आह्वान किए। मुख्य अतिथि के आसन्दी से पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से अपने जमीनी कार्यकर्ताओं के सम्मान की पक्षधर रही है। आज जो नई ऊर्जा संगठन में जुड़ी है, वह आने वाले समय में क्षेत्र के विकास और पार्टी की मजबूती का आधार बनेगी।
हम सभी को एकजुट होकर आलाकमान द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों का अक्षरश: पालन करना है और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मजबूती के साथ खड़ा होना है। इस दौरान जनकपुर ब्लॉक अध्यक्ष अंकुर प्रताप सिंह ने कहा कि यह केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि संकल्प का दिन है हम सभी को संकल्प लेना है कि हम सभी पूर्व विधायक गुलाब कमरो जी के मार्गदर्शन में पूरी निष्ठा के साथ काम करेगे। हमारा लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को इतना मजबूत और अभेद्य बनाना है कि कांग्रेस की विचारधारा क्षेत्र के हर घर तक पहुँच जाए। कार्यक्रम में सम्मान समारोह के साथ-साथ संगठनात्मक नीतियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी द्वारा जारी आगामी कार्यक्रमों और जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए रूपरेखा बनाई गई। इस दौरान कार्यक्रम में मुख्य रूप से कोटाडोल ब्लॉक अध्यक्ष रामू सिंह, किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष उपेंद्र द्विवेदी, नव नियुक्त पदाधिकारियों सहित ब्लाक व जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





















