
नई दिल्ली। 26/11 मुंबई आतंकवादी हमले के आरोपित तहव्वुर हुसैन राणा के खिलाफ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने पूरक आरोपपत्र दाखिल किया है। अदालत 13 अगस्त को पूरक आरोपपत्र पर विचार करेगी।
विशेष अदालत ने 13 अगस्त तक बढ़ाई न्यायिक हिरासत
वहीं, दूसरी तरफ न्यायिक हिरासत की अवधि समाप्त होने पर जांच एजेंसी ने राणा को विशेष न्यायाधीश चंदर जीत सिंह के समक्ष पेश किया। अदालत ने राणा की न्यायिक हिरासत 13 अगस्त तक के लिए बढ़ा दी। अदालत राणा द्वारा अपने परिवार से फोन पर बात करने की मांग वाली अर्जी पर 15 जुलाई को सुनवाई करेगी।
एनआइए ने एक बयान में कही ये बात
समाचार एजेंसी के अनुसार, एनआइए ने एक बयान में कहा कि पूरक आरोपपत्र आरोपी तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण से संबंधित दस्तावेजों और एजेंसी द्वारा एकत्र किए गए अतिरिक्त साक्ष्यों को पेश करने से संबंधित है। बयान में कहा गया कि एजेंसी ने 2011 में दायर पूर्व के आरोपपत्र से संबंधित दस्तावेजों की आपूर्ति के संबंध में एक अनुपालन रिपोर्ट भी प्रस्तुत की।





























