
रांची। बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा राज्यसभा के लिए नामांकन करने पर कांग्रेस ने कटाक्ष करते हुए कहा है कि नीतीश कुमार भाजपा की रणनीति का शिकार बन गए हैं। कांग्रेस के मीडिया विभाग के चयेरमैन सतीश पाल मुंजनी ने इसे बिहार में जनादेश के साथ खिलवाड़ करार दिया है तो मुख्य प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने आरोप लगाया है कि भाजपा इसी प्रकार से अपने सहयोगियों को समाप्त करती रही है। मुंजनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोडक़र राज्यसभा जाने की चर्चा दरअसल भाजपा की एक सोची-समझी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है। यह पूरी तरह से सत्ता हथियाने और अपने राजनीतिक हित साधने की कोशिश है। बिहार की जनता ने जिस विश्वास के साथ सरकार को जनादेश दिया था, आज उसी जनादेश को राजनीतिक प्रयोगशाला बना दिया गया है। भाजपा लगातार लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनादेश को कमजोर करने का काम कर रही है। इसी प्रकरण में मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि नीतीश कुमार भाजपा की साजिश के अगले शिकार बनने जा रहे हैं। बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए को जनादेश मिला, लेकिन चार महीने बाद ही विश्वासघात करने का काम किया गया। शाहदेव ने कहा कि नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री की कुर्सी से हटाकर राज्यसभा भेजने की जो स्क्रिप्ट दिल्ली में लिखी गई है, वह भाजपा की पुरानी इस्तेमाल करो और फेंको की नीति का हिस्सा है। कहा कि भाजपा ने हमेशा क्षेत्रीय दलों को निगलने का काम किया है। महाराष्ट्र से लेकर बिहार तक, इनका लक्ष्य सिर्फ सत्ता हथियाना है, चाहे उसके लिए लोकतंत्र की मर्यादा ही क्यों न लांघनी पड़े।

















