
नोएडा, १५ मार्च ।
फेज वन क्षेत्र के सेक्टर चार स्थित कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड नाम से संचालित बिजली मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में बृहस्पतिवार सुबह लगी आग शुक्रवार रात बुझ गई थी, लेकिन शनिवार सुबह बेसमेंट दो में फिर आग भडक़ उठी। धुआं उठता देख अग्निशमन विभाग टीम ने फिर से आग बुझाना शुरू किया। उधर, फैक्ट्री में काम करने वाले उपेंद्र नाम के कर्मी तीन दिन बाद भी पता नहीं चल सका। पुलिस खोजबीन कर रही है।फैक्ट्री परिसर के बेसमेंट दो शनिवार सुबह फिर धुआं निकलने लगा। अग्निशमन टीम ने रिवोल्विंग ब्रांच लगाकर पानी का छिडक़ाव शुरू कराया। देर शाम तक पानी का छिडक़ाव कर आग बुझाने का काम जारी रहा। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि शनिवार को 10 गाडिय़ों का प्रयोग कर आग बुझाने का काम जारी रहा। बेसमेंट में केमिकल होने के कारण पूरी तरह से आग बुझाने में दिक्कत आ रही है। उधर, हरौला में रहने वाले सरवन कुमार का कहना है कि उनका बेटा उपेंद्र का तीन दिन बाद भी घर नहीं लौटा है।
उनका दावा है कि उपेंद्र बुधवार रात को फैक्ट्री में शिफ्ट करने आया था। वह जिला अस्पताल से लेकर कई प्राइवेट अस्पतालों में पता कर चुके हैं। पुलिस और अग्निशमन अधिकारी आग बुझने तक का इंतजार करने की बात कहकर घर वापस भेज देते हैं। अग्निशमन और स्थानीय पुलिस ने शनिवार देर शाम तक फैक्ट्री परिसर से किसी भी कर्मी के मिलने से इनकार किया। बता दें कि उपेंद्र की बृहस्पतिवार सुबह की अंतिम लोकेशन सेक्टर छह आयी है।

























