कार्यकारिणी का विस्तार किया अशासकीय विद्यालय संघ ने

कोरबा। अशासकीय विद्यालय प्रबंधक संघ, जिला कोरबा की बैठक में सर्वसम्मति से एक ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। संगठन की मजबूती और कार्यकुशलता को नई दिशा देने के उद्देश्य से जिले के सभी ब्लॉकों एवं इकाइयों में अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष पदों पर नवनियुक्तियों की घोषणा की गई।
यह नियुक्तियाँ प्रत्येक ब्लॉक से प्राप्त प्रस्तावों, कोर कमेटी सदस्यों के विचार-विमर्श और प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार दुबे के मार्गदर्शन एवं अनुमति से संपन्न हुईं। जिला अध्यक्ष अक्षय कुमार दुबे ने सभी नवपदस्थ पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा की संगठन की वास्तविक शक्ति उसकी एकजुटता, सेवा भावना और आपसी समर्पण में निहित है। आप सभी के सहयोग से हमारा जिला संगठन नई ऊँचाइयों को छुएगा और शिक्षण संस्थानों के हितों की प्रभावी रूप से रक्षा करेगा। बैठक में संगठन की गतिविधियों को और अधिक पारदर्शी व सशक्त बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही प्रत्येक ब्लॉक में शिक्षण संस्थानों की समस्याओं के निराकरण हेतु समन्वयक समिति गठित करने का भी निर्णय लिया गया। नवगठित समिति में जिले के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता दी गई है। कुल 32 विद्यालयों के प्रतिनिधि सदस्य ब्लॉक स्तर पर पदाधिकारियों के रूप में शामिल हुए हैं, जबकि जिला बॉडी में 24 पदाधिकारियों को मनोनीत किया गया है। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने यह विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम संगठन की विचारधारा को और अधिक सशक्त करेगी तथा शिक्षा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुँचाएगी।

RO No. 13467/11