
जांजगीर। देवरी पिकनिक स्पॉट प्राकृतिक सुंदरता के लिए तो मशहूर है, ल?ेकिन लगातार हादसे और मौतों ने इसकी छवि बिगाड़ दी है। अब जिला प्रशासन हादसों को रोकने और सुरक्षा उपायों को लेकर सजग हुआ है। देवरी में जिन जगहों पर हादसे हुए हैं, वहां पहुंचने वाले रास्ते को बंद कर दिया है। पर्यटक को खतरे की जानकारी देने गांव के लोगों को जल मित्र बनाया है।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे और एसपी विजय पांडेय सहित अन्य अधिकारियों ने पिछले दिनों देवरी निरीक्षण करने पहुंचे थे। निरीक्षण का उद्देश्य उन जगहों की पहचान करना था, जहां पिछले सालों में डूबने की घटनाएं हुई हैं। पिकनिक स्पॉट में टापू और पुराना ब्रिज है, जिसके आसपास बहाव तेज है। यहीं अक्सर बहाव में लोग फंस जाते हैं।
उनके आदेश पर अब ब्रिज और टापू के आसपास सुरक्षा उपाय लागू किए जा रहे। स्थल निरीक्षण के दौरान वीडियो और अन्य दस्तावेज तैयार किए गए हैं। ये दस्तावेज सुरक्षा और विकास की भावी योजनाओं को बनाने में सहायता करेंगे। निरीक्षण में यह भी देखा गया कि पिकनिक स्पॉट तक पहुंचने वाले रास्ते सुरक्षित नहीं हैं। कई हिस्सों में टूटी हुई सडक़ और खतरनाक चढ़ाई है। इन्हें सुरक्षित किया जाएगा। दीर्घकालिक योजनाओं से पिकनिक स्पॉट का विकास पर्यटकों के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित होगा।
ये सुरक्षा के उपाय हो रहे 6तात्कालिक उपाय: अधिकारियों ने बताया कि ब्रिज को पार करने वाले रास्ते पर फेंसिंग की जा रही है। खतरे वाले क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाने का कार्य शुरू हो गया है। इसमें लोगों को सुरक्षित रास्ते पर जाने कहा जाएगा। इसके अलावा नदी मित्र नाम से युवाओं को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। 6दीर्घकालिक उपाय: दीर्घकालिक योजना में पिकनिक स्पॉट का व्यवस्थित विकास शामिल है। इसमें अप्रोच रोड बनाना, सौंदर्यीकरण, पीपल चौराहा और बाल उद्यान जैसी सुविधाएं होंगी।






















