
बिश्नाह। रिंग रोड बनने से जहां यातायात सुगम हुआ है वहीं, अपराध और सड़क हादसों में भी इजाफा हुआ है। कोई जांच न होने के कारण अपराधी वारदातों को अंजाम देकर भागने में इसी रिंग रोड का इस्तेमाल करते रहे हैं। रिंग रोड पर ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, कई हादसों के बाद फरार आरोपितों का पता लगाने में भी मुश्किल हो रही थी। मगर, अब जल्द ही लोगों को सुगह और सुरक्षात्मक माहौल मिलने वाला है। जल्द ही 58 किलोमीटर लंबा रिंग रोड उच्च क्षमता वाले सीसीटीवी कैमरों की जद में होगा। इससे अपराधियों और अराजक तत्वों बच कर निकलना मुश्किल होगा।
बिश्नाह क्षेत्र से गुजरने वाले रिंग रोड पर रिंग रोड अथारिटी ने पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर बड़ा फैसला लिया है। पूरे रोड पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिनका काम जोरशोर से जारी है। आधे से ज्यादा कार्य किया जा चुका है और अगले दो हफ्तों में प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा। रिंग रोड राया मोड़ से नगरोटा आइटीआइ कालेज तक बनेगा, जिसकी कुल लंबाई 58 किलोमीटर है। अभी सिर्फ कोट भलवाल तक ही निर्माण हो पाया है। रोड पर हर 700 मीटर पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनकी क्षमता एक किलोमीटर क्षेत्र पर नजर रखने की होगी।

















