
भुवनेश्वर। प्रसिद्ध ओड़िया कवि और पूर्व नौकरशाह रमाकांत रथ का रविवार को खारवेल नगर इलाके में उनके आवास पर निधन हो गया। उनके परिवारवालों ने यह पुष्टि की है। वे 90 वर्ष के थे। पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित रथ के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रथ के निधन पर शोक जताया है।
राष्ट्रपति ने जताया शोक
प्रसिद्ध ओड़िया कवि के निधन पर शोक जताते हुए मुर्मू ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि प्रख्यात कवि श्री रमाकांत रथ जी के निधन के बारे में जानकर मुझे बहुत दुख हुआ है। श्री रमाकांत रथ भारतीय साहित्य जगत की एक प्रमुख विभूति थे। उन्हें पदम् भूषण सहित अनेक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। ओड़िया साहित्य में अपने चिरस्मरणीय योगदान द्वारा उन्होंने अखिल भारतीय साहित्य को समृद्ध किया है। मैं उनके शोक संतप्त परिवारजनों और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं।
पीएम ने भी व्यक्त की शोक-संवेदना
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक्स पर लिखा कि श्री रमाकांत रथ जी ने एक प्रभावी प्रशासक और विद्वान के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी रचनाएँ, खास तौर पर कविताएँ, समाज के सभी वर्गों में व्यापक रूप से लोकप्रिय हैं।

























