कई स्थान पर भू-स्खलन की तस्वीरें नहीं दिख रही अफसरो को

मालखरौदा। अनुविभाग क्षेत्र के छोटे सीपत से गोबराभाठा मेन रोड तक बने मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम कनाईडीह में सडक़ सुरक्षा के लिए बनाई गई सीमेंटेड टोवाल अब खुद खतरे का कारण बन गई हैं।
सडक़ के दोनों ओर बनी ये सुरक्षात्मक दीवारें जमीन धंसने के कारण कमजोर हो चुकी हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस सडक़ का निर्माण एडीबी कंपनी द्वारा किया गया था, जिसे एक वर्ष में पूरा होना था, लेकिन यह कार्य लगभग पांच वर्षों में धीमी गति से पूरा हुआ।
ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण की गुणवत्ता बेहद खराब रही है। कई स्थानों पर सडक़ अधूरी है और जहां काम पूरा हुआ, वहां सीमेंटेड हिस्से अब धंसने लगे हैं। कनाईडीह के संकरे हिस्से में वाहनों के गुजरने के दौरान दोपहिया और चारपहिया चालकों को खतरा बना हुआ है। यदि किसी वाहन का पहिया धंसे हिस्से पर चढ़ गया तो पलटने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह निर्माण कार्य मानकों के विपरीत किया गया था और अब कंपनी की लापरवाही सामने आ रही है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल सुधार कार्य कराने की मांग की है, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को टाला जा सके।

RO No. 13467/10