तमिलनाडु के पर्यटकों से भरी ट्रैवलर ट्रक से टकराई, एक की मौत, 19 घायल

रोहतास, २6 फरवरी ।
दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर गुरुवार सुबह बड़ा सडक़ हादसा हुआ। डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सुअरा गांव के समीप ट्रैवलर ने ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी। वाहन में तमिलनाडु के 24 पर्यटक सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक पर्यटक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कुछ देर तक हाईवे पर अफरातफरी का माहौल रहा। पुलिस के अनुसार हादसे में 72 वर्षीय राजू एम (अब्राहम स्ट्रीट, कांचीपुरम, तमिलनाडु) की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना में चालक सहित 19 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को नारायण मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जमुहार में भर्ती कराया गया है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों की निगरानी में सभी का उपचार जारी है। घायल संजय पाल (वाराणसी) ने बताया कि पर्यटक वाराणसी से गया जा रहे थे। ट्रैवलर का नंबर यूपी 65 एनटी 5223 बताया गया है। सुबह करीब तीन बजे चालक सोनू पाल को झपकी आ गई। नींद आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया। टक्कर के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को ट्रैवलर से निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया। थानाध्यक्ष नितेश कुमार ने बताया कि मृतक और घायलों के स्वजनों को सूचना दे दी गई है। मृतक के परिजन चेन्नई से फ्लाइट द्वारा रवाना हो चुके हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेजा गया है। प्राथमिक जांच में चालक को नींद आना हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

RO No. 13467/11