
कोरिया बैकुंठपुर। बैकुंठपुर में एक दर्दनाक सडक़ हादसे की खबर सामने आई है। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 पर आनी ग्राम के पास एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार युवक को तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सडक़ पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिससे घायल युवक सडक़ किनारे बेसहारा पड़ा रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद करीब आधे घंटे तक युवक घायल अवस्था में मदद की आस में तड़पता रहा, लेकिन उस दौरान कोई भी तत्काल सहायता उपलब्ध नहीं हो सकी। राष्ट्रीय राजमार्ग जैसे व्यस्त मार्ग पर इस तरह समय पर मदद न मिल पाना कई सवाल खड़े करता है। यदि घायल को समय रहते उपचार न मिले, तो उसकी जान पर भी बन आ सकती है। इसी बीच संयोगवश वहां से गुजर रहे स्थानीय पत्रकार निलेश तिवारी ने मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिना देर किए अपने निजी साधन से घायल युवक को जिला अस्पताल बैकुंठपुर पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा युवक का प्राथमिक उपचार किया गया, जिसके बाद उसे निगरानी में रखा गया है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन उस पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल घायल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के थानों को सूचना दे दी गई है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर वाहन की तलाश की जा रही है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को घायल युवक के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत जिला अस्पताल या पुलिस को सूचित करें। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि सडक़ हादसों में समय पर मदद कितना महत्वपूर्ण होती है। वहीं, पत्रकार निलेश तिवारी द्वारा दिखाई गई तत्परता और इंसानियत की मिसाल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।






















