
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक बड़ा हादसा टल गया, जहाँ तेज बहाव वाली नदी पार करते समय एक नाव डूब गई। हालाँकि, मौके पर मौजूद ग्रामीणों और पास की दूसरी नाव के लोगों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पानी में गिरे सभी सवारों को सुरक्षित बचा लिया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। यह घटना जिले के ओडग़ी ब्लॉक के दूरस्थ गाँव सौहार की बताई जा रही है। ग्रामीण डोंगी नुमा नावों में बैठकर नदी पार कर रहे थे। बरसात के कारण नदी में पानी की धार काफी तेज थी, जिसकी वजह से एक डोंगी असंतुलित होकर डूबने लगी। डर के मारे कई लोग नदी में कूद गए। नाव डूबते ही किनारे पर मौजूद ग्रामीण और दूसरी नाव पर सवार लोगों ने बिना देरी किए अपनी जान जोखिम में डालकर उफनती नदी में छलांग लगा दी। उनकी तत्परता और बहादुरी के कारण नदी में डूब रहे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यह घटना एक बार फिर पुलिया के अभाव को उजागर करती है। पुल न होने के कारण बारिश के मौसम में भी स्थानीय लोगों को जान जोखिम में डालकर नाव या डोंगी के सहारे नदी पार करनी पड़ती है।
























