ऑपरेशन शांति : पुलिस ने 43 वारंटियों को कई क्षेत्रों से दबोचा

कोरबा। पुलिस द्वारा जिले में कानून-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने, आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण एवं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान ‘ऑपरेशन शांति’ संचालित किया जा रहा है। नववर्ष के पूर्व कार्रवाई करते हुए कोरबा पुलिस ने दूसरे दिन भी ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी रखते हुए, 43 वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 11 स्थायी वारंटी शामिल हैं, इस प्रकार 2 दिन में कुल 94 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
ये सभी आरोपी न्यायालय द्वारा पूर्व में जारी गिरफ्तारी वारंट के बावजूद लंबे समय से गिरफ्तारी से बचते हुए फरार चल रहे थे, जिन पर सतत निगरानी रखकर योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर गिरफ्तारी की गई। इस प्रकार दो दिनों में कोरबा पुलिस द्वारा कुल 94 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा चुका है। इस अभियान के अंतर्गत आज की कार्यवाई में थाना कोतवाली एवं थाना कुसमुंडा द्वारा प्रत्येक ने 5-5 गिरफ्तारी वारंट तामील किए तथा थाना सिविल लाइन्स ने 4 गिरफ्तारी वारंट तामील किए। दूसरी ओर, थाना कुसमुंडा एवं थाना उरगा द्वारा क्रमश: 4 एवं 3 स्थायी वारंट तामील किए गए। कोरबा पुलिस द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन शांति’ का मुख्य उद्देश्य जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना है। असामाजिक तत्वों एवं वारंटियों के विरुद्ध यह विशेष कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

RO No. 13467/10