
डीएमएफ से स्वीकृति, हुआ भूमिपूजन
कोरबा। जिले के ग्राम पंचायत कुदमुरा में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए धान खरीदी केंद्र परिसर में नया गोदाम भवन निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। इस भवन का निर्माण कार्य जिला खनिज न्यास मद से कराया जाएगा। इसके लिए 19 लाख 57 हजार रुपये की राशि प्रशासन द्वारा स्वीकृत की गई है।
इस गोदाम भवन के निर्माण से धान उपार्जन केंद्र पर खाद, बीज, बरदाना और धान भंडारण की दीर्घकालिक समस्या का समाधान होगा। स्थानीय समिति ने कुछ माह पूर्व इस विषय में प्रशासन को प्रस्ताव भेजा था, जिसमें केंद्र पर लगातार बढ़ते खरीदी कार्य के कारण भंडारण स्थान की कमी और किसानों को हो रही असुविधा की जानकारी दी गई थी। प्रस्ताव पर प्रशासन ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए कार्य की मंजूरी प्रदान की।
निर्माण कार्य का भूमिपूजन ग्राम पंचायत परिसर में विधि-विधान से किया गया। इस अवसर पर सरपंच रचना महेश राठिया, उपसरपंच मोंगरा यादव, ग्राम पटेल दुर्गा प्रसाद राठिया, पंच चूड़ामणि श्रीवास एवं फड़ प्रभारी माखन लाल राठिया मुख्य रूप से उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है ताकि आगामी धान खरीदी सत्र से पहले भवन का उपयोग आरंभ किया जा सके। इससे खरीदी कार्य के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
























