दुनियाभर में भद पिटवा रहे पाकिस्तानी भिखारी, गल्फ देशों ने बंद किया वीजा; ख्वाजा आसिफ का कबूलनामा

नई दिल्ली। पाकिस्तान से खाड़ी देशों तक फैला भिखारी माफियाओं का नेटवर्क अब खुद इस्लामाबाद के लिए शर्मिंदगी का कारण बन गया है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने खुलकर स्वीकार किया है कि संगठित भिखारी माफियाओं की करतूतों से तंग आकर कई खाड़ी देशों ने पाकिस्तानियों को वीजा देना लगभग बंद कर दिया है।

इंटरनेट मीडिया पर साझा एक वीडियो का हवाला देते हुए आसिफ ने कहा कि भीख मांगना अब एक पेशा बन चुका है और वह भी पूरी तरह संगठित। उनके मुताबिक ठेकेदारों का बाकायदा नेटवर्क बच्चों, महिलाओं और नकली दिव्यांगों को तैयार कर कमाई के लिए भेजता है। यही गिरोह हजारों की संख्या में लोगों को खाड़ी देशों में भी पहुंचा रहा है, जिससे वहां की सरकारें सख्त हो गई हैं।

भीख मांगकर घर तक खरीद लिया

वीडियो में एक बालक बताता दिखता है कि वह और उसके तीन भाई रोज औसतन 12,000 पाकिस्तानी रुपये कमा लेते हैं। वह यह भी स्वीकार करता है कि उसका भाई दिव्यांग होने का नाटक करता है और परिवार ने इस कमाई से फैसलाबाद में घर तक खरीद लिया है।

पाकिस्तान के प्रवासी मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 2019 से 2025 के बीच 7,800 से अधिक पाकिस्तानियों को भीख मांगने समेत विभिन्न आरोपों में निर्वासित किया गया। 2025 में सरकार ने ऐसे लोगों के पासपोर्ट रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू की।

RO No. 13467/10