
दुबई : एशिया कप में भारतीय खिलाड़ियों द्वारा हाथ न मिलाने से तिलमिलाए पाकिस्तान को एक बार फिर मुंह की खानी पड़ी है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने एशिया कप से मैच रेफरी एंडी पायक्राफ्ट को हटाने की पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की मांग को सिरे से खारिज कर दिया है।
पीसीबी ने धमकी दी थी कि अगर पायक्राफ्ट को हटाया नहीं जाता है तो वह टूर्नामेंट से हट जाएगा। अब वह टूर्नामेंट से हटेगा या नहीं ये अभी पता नहीं चला है लेकिन उसने यूएई के विरुद्ध बुधवार को होने वाले मैच से पहले मंगलवार को होने वाली जरूरी प्रेस कांफ्रेंस को रद कर दिया।
आईसीसी को लिखा लेटर
इससे पहले पीसीबी ने आईसीसी को लिखित शिकायत भेजी थी कि पायक्राफ्ट ने उनके कप्तान सलमान अली आगा को टॉस के समय भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से हाथ मिलाने से रोका था। इस पर देर रात आईसीसी ने जवाब देते हुए दो टूक कह का कि पायक्राफ्ट को हटाया नहीं जाएगा और उनकी अपील अस्वीकार कर दी गई है। 69 वर्षीय जिम्बाब्वे के पायक्राफ्ट आईसीसी एलीट पैनल के वरिष्ठतम रेफरियों में से एक हैं और अब तक 695 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अधिकारी रह चुके हैं।



























