
कोरबा। शहर के निहारिका स्थित महानदी कॉम्प्लेक्स में पतंजलि चिकित्सालय की एलईडी स्क्रीन पर टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल मैच का लाइव प्रसारण किया गया। इस पहल के कारण बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी यहां एकत्रित हुए और सामूहिक रूप से मैच का रोमांचक मुकाबला देखा।
मैच शुरू होते ही परिसर में उत्साह का माहौल बन गया। युवाओं से लेकर बच्चों और बुजुर्गों तक सभी ने बड़े स्क्रीन पर मैच का लुत्फ उठाया। जैसे-जैसे मुकाबला रोमांचक होता गया, दर्शकों की तालियां और उत्साह भी बढ़ता गया। कई लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ यहां पहुंचे थे, जिससे पूरा परिसर क्रिकेट के रंग में रंगा नजर आया।
मैच के अंतिम क्षणों में जब टीम ने जीत हासिल की तो वहां मौजूद दर्शकों ने खुशी से झूमते हुए तालियां बजाईं और एक-दूसरे को बधाई दी। कुछ युवाओं ने नारे लगाए और जीत का जश्न मनाया। माहौल पूरी तरह उत्सव जैसा हो गया।
इस आयोजन की पहल पतंजलि चिकित्सालय से जुड़े डॉ. नागेंद्र शर्मा द्वारा की गई। उन्होंने बताया कि शहर के लोगों को एक साथ बैठकर मैच देखने का अवसर मिले और खेल के प्रति उत्साह बढ़े, इसी उद्देश्य से एलईडी स्क्रीन पर लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी।
डॉ. शर्मा ने कहा कि इस तरह के आयोजन लोगों को जोडऩे और आपसी भाईचारा बढ़ाने में भी मदद करते हैं।
बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति से यह आयोजन सफल रहा और सभी ने क्रिकेट के रोमांच का भरपूर आनंद लिया।
















